यह दुनिया अजीब सी दौड़-भाग और उथल-पुथल से भरी है। यहाँ हर दूसरा इंसान अमीर बनने की, सुख पाने की और अपनी किस्मत बदलने की चाहत रखता है। हर कोई यही सोचता है कि उसे वह सब क्यों नहीं मिला जो दूसरों के पास है। लेकिन सच तो यह है कि इस धरती पर हर कोई महान बनने या राजाओं जैसी किस्मत लेकर पैदा नहीं होता। जब हम जीवन के इन गहरे रहस्यों को टटोलते हैं, तो समझ आता है कि कुछ खास रास्ते और उपाय हर किसी के लिए नहीं बने होते। इन्हें केवल वही लोग अपनी जिंदगी में उतार पाते हैं जिनके दिल में अपार करुणा, त्याग और एक राजा जैसी बड़ी सोच होती है।
ज़रा उस इंसान के बारे में सोचिए जिसे हम दिल से एक ‘सच्चा राजा’ कह सकें। एक असली राजा कभी अपनी ताकत का घमंड नहीं करता, कभी अपने पद का रौब नहीं झाड़ता। उसका पूरा जीवन चुपचाप लोगों की भलाई में बीत जाता है और वह हमेशा जमीन से जुड़ा रहता है। सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य जब मगध की राज गद्दी पर बैठे, तो उनके गुरु चाणक्य उन्हें हमेशा जनता की सेवा में लगे रहने की प्रेरणा देते थे। एक रोज इस लगातार काम से थककर और झुंझलाकर चंद्रगुप्त ने कह दिया कि अगर राजा होने का मतलब दिन-रात सिर्फ मशीन की तरह लगे रहना है, तो वे इस राजपाट को अभी छोड़ देना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें भी एक इंसान के रूप में थोड़ा सुकून और खुशी के पल चाहिए।
यह सुनकर चाणक्य मुस्कुराए। उनके मन में कोई गुस्सा नहीं था, बल्कि अपने शिष्य की इस नासमझी पर प्यार और तरस था। वे प्यार से बोले—”बेटा! एक राजा और एक गुरु को कभी अपने व्यक्तिगत सुख की छूट नहीं मिलती। अगर तुम्हें सच में खुशी चाहिए, तो उन लोगों की सेवा करो जो बेसहारा हैं। जिस दिन तुम्हारे राज्य में एक भी इंसान भूखा नहीं सोएगा, सिर्फ उसी दिन तुम्हें असली संतोष मिलेगा।”
गुरु की इस बात को राजा चंद्रगुप्त ने अपने दिल में उतार लिया। उन्होंने अपने राज्य में बड़े पैमाने पर भंडारे और अन्न क्षेत्र शुरू कर दिए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। यहाँ तक कि उनके जीवन के आखिरी दिनों में जब देश में भयंकर सूखा पड़ा, तब भी राजा चंद्रगुप्त ने खुद लगातार तेईस दिनों तक बिना एक दाना खाए अपने प्राण संकट में डाल दिए, ताकि बचा हुआ सारा खाना उन भूखे लोगों के पेट में जा सके।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर ‘राजा के लिए भोजन दान’ का यह नियम इतना खास और चमत्कारी क्यों है? हमारे पुराने ग्रंथों में इस बात का जिक्र मिलता है कि हम जो भी अन्न अपने मुँह से खाते हैं, उसके साथ अनजाने में हमारे भीतर कुछ बुरे कर्म यानी ‘पाप’ भी प्रवेश कर जाते हैं। जब आप अपनी मेहनत की कमाई से किसी भूखे को अन्न का दान करते हैं, तो कुदरत के नियम से आपके पुराने पाप कटने लगते हैं—अन्न दान से पाप सौ गुना कम होते हैं, जल दान से हजार गुना, नमक दान से दस हजार गुना और चीनी के दान से लाखों गुना तक खत्म हो जाते हैं।
ज्योतिष में सूर्य को राजा, आत्मा और मान-सम्मान का कारक माना जाता है। इसी सूर्य की ऊर्जा के बिना इस धरती पर एक तिनका भी नहीं उग सकता। अन्न उगाने की ताकत सिर्फ सूर्य और प्रकृति के पास है, और इसीलिए अगर “राजा” शब्द को define करे तो इस दुनिया में एक ‘राजा’ वो होता है जो बिना किसी लालच या उम्मीद के लोगों का पेट भर सकता है। आज दुनिया के हर रिश्ते और हर काम के पीछे कोई न कोई स्वार्थ जरूर होता है। इसीलिए जब भी आप आगे किसी को भोजन कराएं, तो उसका ढिंढोरा कभी न पीटें। इसके बजाय चुपचाप भगवान से प्रार्थना करें कि वे आपको इतना सामर्थ्य दें कि आप पूरी दुनिया के भूखों का पेट भर सकें।
क्योंकि आप होते कौन हैं किसी को खिलाने वाले? आप तो सिर्फ उस भगवान के एक जरिया मात्र हैं, जो इस पूरी दुनिया को पाल रहा है। इस बात का अहंकार कभी मन में मत आने दीजिए कि आपने किसी को खाना खिलाया है; बल्कि भगवान का शुक्रिया अदा कीजिए कि उन्होंने आज आपको अपना प्रतिनिधि बनाकर एक राजा की तरह सेवा करने का मौका दिया।
कुदरत ने भी कुछ लोगो को बहुत खास सांचे में ढाला है। हर इंसान वह भारी जिम्मेदारी नहीं उठा सकता। आपकी अपनी जिंदगी में भी ऐसे कई लोग मिल जाएंगे जो आपसे ज्यादा समझदार, अमीर या ताकतवर होंगे, लेकिन भगवान ने हर किसी को ‘दूसरों की फिक्र करने वाला बड़ा दिल’ नहीं दिया है। एक आम इंसान सिर्फ अपने और अपने परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों में उलझा रहता है, जबकि एक राजा या बड़ी सोच वाला इंसान पूरी दुनिया की भलाई के बारे में सोचता है।
जब आप अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर गरीब इंसानों, बेजुबान जानवरों और हर भूखे जीव को भोजन कराना शुरू करते हैं, तो समझ लीजिए कि उसी पल से आपके भीतर के राजा का राज्याभिषेक हो गया है। आप जिंदगी के सबसे बड़े और पवित्र रास्ते पर चल पड़े हैं। आपके पुराने पाप पिघलने लगे हैं, क्योंकि अब आप दूसरों की भूख मिटाने का जरिया बन चुके हैं।
हमारे धर्म में व्रत या उपवास रखने का एक लॉजिक ये भी है कि उस दिन अन्न के द्वारा उसमे समाहित पाप हमारे शरीर के अंदर ना जाय। पुराने समय में, लोग वार के हिसाब से खाना चुनते थे—जैसे शनिवार को काली उड़द या काले चने खाना—ताकि उस ग्रह की ऊर्जा उनकी कुंडली में संतुलित रहे।
अगर आप आज हजारों लोगों को खाना नहीं खिला सकते, तो कोई बात नहीं। क्या आप रोज अपने घर के पास चींटियों, बेसहारा कुत्तों और पक्षियों के दाने-पानी का प्रबंध नहीं कर सकते? यह अन्नदान का रास्ता हर किसी के बस की बात नहीं है, क्योंकि हर इंसान के कंधे पर पूरी दुनिया का दर्द उठाने की ताकत नहीं होती। भूखों का पेट भरना हर किसी के भाग्य में नहीं लिखा होता। यह कुछ खास लोगों का ही काम है। आजकल कुछ लोग भंडारा करने को भी social status की तरह प्रयोग कर रहे है जबकि वास्तव में वो अपने स्टेटस का दिखावा कर रहे है क्योंकि उनकी नीयत में खोट होता है—वे या तो पहले केवल अपने आदमियों को ही खाना खिलाकर उनकी नजरों में सम्मान पाना चाहते हैं या पैसे बचाने के लिए घटिया से घटिया सामान इस्तेमाल करते हैं।
यह सारा खेल साफ मन और सच्चे प्यार का है। जिनका दिल छोटा है, वे कभी खुलकर किसी का पेट नहीं भर सकते। जो लोग सच्चे दिल से हर महीने या नियम से भंडारा करते हैं, वे जानते हैं कि सब कुछ बंटने के बाद अंत में उनके घर के लिए शायद ही कुछ बचता है। लेकिन इस बात की पूरी गारंटी है कि आप चाहे अपने पूर्वजों की शांति के लिए, शनिदेव की कृपा के लिए या हनुमान जी के नाम पर भंडारा करें, वे भगवान किसी न किसी रूप में प्रसाद लेने जरूर आते हैं।
जब मेरे गुरुजी मुझे यह पूरी बात समझा रहे थे, तो उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बहुत ही प्यारा और दिल को छू लेने वाला किस्सा सुनाया था। उनकी आँखें नम थीं जब उन्होंने बताया कि एक बार वे मंदिर में शनिदेव का भंडारा कर रहे थे और सारा काम अकेले ही संभाल रहे थे। जब सारा प्रसाद बंट गया, तो दोपहर के करीब तीन बज चुके थे। उन्होंने सुबह से कुछ नहीं खाया था, लेकिन उनके चेहरे पर एक अलग ही शांति थी क्योंकि उन्होंने बची हुई पूरी, आलू, चने और हलवे को एक पॉलीथिन में समेट लिया था—वह खाना बस दो लोगों के लिए काफी था।
तभी एक पुराना, जर्जर रिक्शा आकर रुका। गुरुजी ने सारा सामान उस पर लादकर अपने घर का रुख किया। घर पहुँचकर जब उन्होंने उस बूढ़े और थके हुए रिक्शा वाले से पूछा कि क्या उसने प्रसाद खाया है, तो उसने मना कर दिया। यह सुनते ही गुरुजी ने अपनी पोटली में से आधा खाना उसे दे दिया। लेकिन उस बूढ़े रिक्शावाले की आँखें भर आईं और उसने हाथ जोड़कर कांपती आवाज में कहा, “बाबूजी! मेरी एक गर्भवती बेटी है, अगर थोड़ा सा खाना और मिल जाता, तो उसका भी पेट भर जाता।”
गुरुजी ने एक पल की भी देरी नहीं की। उनके चेहरे पर एक मीठी सी मुस्कान आई और उन्होंने अपना सारा बचा हुआ खाना उस रिक्शावाले को सौंप दिया। उस बात को याद करते हुए गुरुजी आज भी जब वह किस्सा सुनाते हैं, तो उनकी आँखें भर आती हैं और वे कहते हैं कि जब भी वे शनि महाराज के बारे में सोचते हैं, तो उन्हें वही रिक्शा वाला याद आता है।
कुंडली के रहस्यों को समझाते हुए उन्होंने यह भी बताया था कि उनकी कुंडली के पांचवें घर में वक्री शनि है, उनका शनि अक्सर किसी गरीब बच्चे या जरूरतमंद के रूप में खाना माँगने आ जाता है—तो मैं उसको कैसे मना कर सकता हूँ क्योंकि मुझे पता है कि वृश्चिक राशि का पाँचवाँ शनि होता है तो वे अक्सर बच्चों के नाम पर मदद माँगते हैं, और किसी का चौथा शनि हो तो घर, कार या दूध जैसी बुनियादी चीजों के लिए ग्रह मांग करते है।
ग्रह इसी तरह अजीबोगरीब तरीकों से हमारी परीक्षा लेने आते हैं। जो लोग इस बात को समझकर सेवा और भंडारे का रास्ता अपनाते हैं, वे जानते हैं कि यह इस धरती का सबसे अचूक और चमत्कारी उपाय है। इसलिए जब भी आपको मौका मिले, बिना किसी दिखावे या संकोच के पूरी श्रद्धा से इस सेवा को अपनाएं—यह आपके और आपके परिवार के भाग्य को बदलने की सबसे बड़ी चाबी है।










2 comments on ““अन्नदान का गुप्त रहस्य: क्या सचमुच इससे कटते हैं जन्मों के पाप?””
हमारे बुज़ुर्गों ने हमें सिखाया है कि ‘अन्नदान’ (भोजन का दान) दान का सबसे बड़ा रूप है, फिर भी हमें इसके बारे में इतनी विस्तृत जानकारी नहीं थी। यह एक बेहतरीन लेख है। सर, कृपया इस साइट पर संपर्क के लिए ईमेल और फ़ोन नंबर भी दें; अगर कोई कुंडली या वास्तु शास्त्र के बारे में आपसे संपर्क करना चाहे, तो वे कैसे कर सकते हैं? कृपया हमें बताएं।
Bahut he badiya article.🙏🙏🙏