मैंने अभी कुछ समय पहले अपनी एक पोस्ट में जल तत्व की शक्ति और उसके हमारे जीवन पर प्रभाव के बारे में बात की थी। जिसमे मैंने एक स्नान मंत्र का उपाय बताया था, अगर आपका वो पोस्ट miss हो गया है तो मैं उस पोस्ट का लिंक भी साथ में दे रहा हूँ-
“जल तत्व की शक्ति: क्या आपका नहाने का पानी आपकी किस्मत बदल सकता है?”
जहाँ जल तत्व हमें शांति, संवेदनशीलता और जीवन में एक प्रवाह देता है, वहीं अग्नि तत्व (Fire Element) हमारे भीतर की ऊर्जा, उत्साह, साहस और किसी भी काम को शुरू करने की इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
पंचतत्वों में अग्नि तत्व का स्थान एक ऐसी ‘चिंगारी’ की तरह है, जिसके बिना जीवन की गाड़ी आगे बढ़ ही नहीं सकती। यह तत्व हमारे जीवन में केवल शारीरिक ऊर्जा ही नहीं, बल्कि हमारी सफलता और आगे बढ़ने के हौसले को भी नियंत्रित करता है।
तत्वों का संतुलन क्यों जरूरी है? (पंचतत्व विज्ञान)
हमारा शरीर और यह पूरा ब्रह्मांड पांच तत्वों—अग्नि, पृथ्वी, वायु, जल और आकाश से मिलकर बना है। ज्योतिष और ऊर्जा विज्ञान का सबसे बड़ा नियम यह है कि जीवन में सफलता तभी मिलती है जब ये तत्व आपस में संतुलित हों।
सोचिए, यदि आपके पास जल तत्व बहुत अच्छा है, तो आपके पास बहुत गहरी सोच होगी, भावनाएं होंगी और नए-नए विचार (Ideas) होंगे। लेकिन विचार चाहे जितने भी बड़े हों, उन्हें हकीकत में बदलने के लिए ‘गर्मी’ यानी अग्नि तत्व की जरूरत होती है। जब तक पानी को अग्नि की आंच नहीं मिलेगी, तब तक भाप नहीं बनेगी और ऊर्जा पैदा नहीं होगी। इसलिए, सिर्फ सोचना काफी नहीं है, उस सोच को एक्शन में बदलने के लिए कुंडली और जीवन में अग्नि तत्व का मजबूत होना सबसे जरूरी है।
कुंडली का ‘धर्म त्रिकोण’: जब सोच तो बड़ी होती है, पर एक्शन ‘जीरो’ होता है
क्या आपके साथ कभी ऐसा होता है कि दिमाग में बहुत शानदार आइडियाज आते हैं? आप दिन-रात बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाते हैं, सोचते हैं कि कल से यह नया काम शुरू करूँगा, लेकिन जब बात सच में काम शुरू करने (Action लेने) की आती है, तो पैर पीछे खिंच जाते हैं? आप केवल सोचते रह जाते हैं और हाथ आया मौका निकल जाता है। जब व्यक्ति में आलस्य की अधिकता होती है और ज़्यादातर समय सोने में निकालता है तो इसका मतलब है कि व्यक्ति का अग्नि तत्व गायब है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ऐसा तब होता है जब आपकी कुंडली में ‘अग्नि तत्व’ कमजोर या पीड़ित होता है। आइए इसे बहुत आसान शब्दों में समझते हैं:
हमारी कुंडली में 1, 5, और 9वें भाव (Houses) को ‘धर्म त्रिकोण’ या अग्नि त्रिकोण कहा जाता है। इसी तरह राशियों में मेष, सिंह और धनु राशि अग्नि तत्व की राशियाँ होती हैं। जीवन में कोई भी नया काम शुरू करने (New Initiative लेने) की शक्ति यहीं से आती है।
व्यक्ति के जीवन में समस्या तब आती है जब:
- भाव खाली या पीड़ित हों: यदि कुंडली का 1, 5, और 9वां भाव खाली हो, तो शुरुआत करने की ताकत कम हो जाती है। इसके अलावा, यदि इन भावों में कोई ग्रह बैठा भी हो, लेकिन उस पर राहु-केतु, शनि या किसी अन्य क्रूर ग्रह की बुरी नजर हो (यानी ग्रह पीड़ित हो), तब भी व्यक्ति योजनाएं तो बहुत बनाता है पर उन्हें पूरा नहीं कर पाता।
- राशियाँ कमजोर या पीड़ित हों: यदि मेष, सिंह और धनु राशि में कोई ग्रह न हो, या इन राशियों में बैठे ग्रह नीच के होकर कमजोर हो गए हों, या पाप ग्रहों से ग्रसित हों, तो व्यक्ति के भीतर का ‘जज्बा’ सो जाता है। वह आलस्य और असमंजस (Overthinking) का शिकार हो जाता है।
अग्नि तत्व को जाग्रत करने के 3 सबसे ठोस और अचूक उपाय (Fire Element Remedies)
यदि आप भी इस स्थिति से जूझ रहे हैं और अपने जीवन में बंद पड़ी ऊर्जा को फिर से रफ्तार देना चाहते हैं, तो मेरे गुरुजी के द्वारा बताए गए इन 3 सबसे ठोस और प्रामाणिक उपायों को नियम से अपनाएं:
- पूर्णिमा या एकादशी को एक छोटा सा हवन
अग्नि तत्व को सीधे तौर पर जाग्रत करने का सबसे शक्तिशाली माध्यम है—हवन। वैसे तो शास्त्रों में इसके लिए लगातार 9 दिन हवन का विधान है, लेकिन आज की व्यस्त जिंदगी में यदि यह संभव न हो, तो कम से कम हर महीने आने वाली पूर्णिमा (Purnima) या एकादशी (Ekadashi) के दिन घर में छोटा सा हवन जरूर करें। ज्योतिष में इन तिथियों में ब्रह्मांड की ऊर्जा बहुत प्रबल होती है। इस दिन किया गया हवन आपके दिमाग के आलस्य, अनजाने डर और ‘सोचते रहने की बीमारी’ को अग्नि की लपटों में भस्म कर देता है और आपके संकल्प को मजबूत करता है।
- रोज एक निश्चित समय पर पीतल का दीपक जलाएं
अपने घर के मंदिर में रोजाना एक फिक्स (निश्चित) समय पर दीपक जलाना शुरू करें। समय का अनुशासन कुंडली के समय चक्र को ठीक करता है। इसमें दो बातों का विशेष ध्यान रखें:
- दीपक पीतल का हो: पीतल का संबंध देवगुरु बृहस्पति से है। पीतल के दीपक में अग्नि प्रज्वलित करने से हमारे जीवन की ऊर्जा को सही दिशा, पवित्रता और विस्तार मिलता है।
- बाती अपने हाथ से बनाएं: बाजार की रेडीमेड बाती के बजाय कपास (रुई) लेकर अपने हाथों से बाती बनाएं। जब आप अपने हाथों से बाती संवारते हैं, तो आपकी सकारात्मक भावनाएं, आपकी इच्छाशक्ति और आपके शरीर की स्पर्श ऊर्जा उस बाती में समाहित हो जाती है। जब वह दीपक जलता है, तो उसका प्रभाव आपके पूरे मंडल पर सौ गुना ज्यादा तेजी से पड़ता है।
- सुबह सूर्य देव को जल देना
सूर्य देव साक्षात नारायण हैं और इस ब्रह्मांड में अग्नि तत्व के सबसे बड़े राजा हैं। रोज सुबह जल्दी उठकर तांबे के लोटे से सूर्य देव को जल (अर्घ्य) देना शुरू करें। जल देते समय ‘ॐ सूर्याय नमः’ का जाप करें। ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह उपाय सीधे आपकी कुंडली के लग्न (पहला भाव) और पंचम भाव को सक्रिय करता है, जिससे आपके भीतर गजब का आत्मविश्वास, तेज और तुरंत सही निर्णय लेने की क्षमता आती है।
निष्कर्ष
जीवन में केवल शांत बैठना या सोचते रहना (जल तत्व) काफी नहीं है, अपनी योजनाओं को सफलता की हकीकत में बदलने के लिए भीतर एक चिंगारी (अग्नि तत्व) का होना बेहद जरूरी है। कुंडली के कमजोर भावों या पीड़ित ग्रहों के इस नकारात्मक असर को हम नियमित रूप से किए जाने वाले इन 3 ठोस उपायों से पूरी तरह बदल सकते हैं।
आशा है कि धर्मसिंधु (Dharmsindhu) के पाठकों को तत्वों के संतुलन का यह ज्योतिषीय विज्ञान और व्यावहारिक जानकारी पसंद आई होगी। इसे अपने जीवन में अपनाएं और आपके जो भी अनुभव हों, उन्हें नीचे कमेंट बॉक्स में हमारे साथ जरूर साझा करें।









